दुर्ग। सीएम भूपेश बघेल दुर्ग दौरे पर हैं। यहां वे विभिन्न आयोजनों में भाग ले रहे हैं। कई सभा भी आयोजित की गई है, जिसे सीएम संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान सीएम ने किसानों से कहा कि अगली बरसात में वे उसना चावल न बोएं। किसानों को अरवा क्वालिटी के चावल बोना है।

बता दें कि केंद्र सरकार ने इस बार उसना चावल लेने से इनकार कर दिया है। हर बार केंद्र सरकार उसना चावल खरीदती आई है, लेकिन इस बार एफसीआई ने उसना क्वॉलिटी का चावल लेने से मना कर दिया है। इसे देखते हुए किसनों को नुकसान न हो, इसलिए सीएम ने अरवा क्वॉलिटी के चावल बोने को कहा है।

बंद होने की कगार पर राइस मिल

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में ज्यादातर उसना चावल की किस्में ही पाई जाती है। उसना के मुकाबले अरवा क्वॉलिटी के चावल का उत्पादन यहां कम होता है। केंद्र सरकार के अड़ियल रवैये से ना सिर्फ किसानों को बल्कि मिलरों को भी नुकसान होगा। क्योंकि मिलर भी उसना चावल की मिलिंग करते हैं। इसकी वजह से अब प्रदेश की करीब 500 राइस मिल बंद होने की कगार पर हैं।