मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर के रावांभाटा स्थित श्री सुदर्शन संस्थानम् में गोवर्धनमठ पुरी पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानन्द सरस्वती जी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने उनके उपदेश का श्रवण भी किया।

जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानन्द सरस्वती सुदर्शन संस्थानम् में आयोजित 2 दिवसीय प्रांतीय संगोष्ठी एवं सत्संग समारोह में शामिल होने के लिए रायपुर आए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चर्चा के दौरान शंकराचार्य स्वामी निश्चलानन्द सरस्वती जी को छत्तीसगढ़ में गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

शंकराचार्य जी ने की योजनाओं की सराहना

सीएम ने बताया कि गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी कर गौठानों में महिला स्वसहायता समूहों द्वारा गोबर से वर्मी कम्पोस्ट बनाया जा रहा है, जिसका किसान भी स्वप्रेरणा से खेतों में उपयोग कर रहे हैं। इससे छत्तीसगढ़ जैविक खेती की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने शंकराचार्य जी को बताया कि अब राज्य सरकार की योजना गोबर से बिजली बनाने की है। इसकी संभावनाओं का अध्ययन किया जा रहा है। शंकराचार्य स्वामी निश्चलानन्द सरस्वती जी ने इन कार्यों की सराहना की।

इस बीच एक दृश्य चर्चा में बना हुआ है। दरअसल शंकराचार्य जी के दर्शन करने सीएम भूपेश बघेल और मंत्री टीएस सिंहदेव एक साथ गए थे। इस दौरान बिलासपुर विधायक शैलेश पांडेय, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल भी मौजूद रहे उपस्थित थे।