मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को नगर में आयोजित चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज छत्तीसगढ़ के 51वें केंद्रीय महाधिवेशन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने कहा कि समाज में सबकी भागीदारी से ही समाज का विकास होता है। समाज में सामाजिक समरसता आती है।

समाज वह है जो सबको साथ लेकर चले, इससे सबके कल्याण का रास्ता निकलता है। कार्यक्रम महासमुंद बागबाहरा रोड स्थित शांत्रीबाई स्कूल परिसर में आयोजित हुआ। यहां समाज को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सामाजिक एकता बनाए रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

निर्माण कार्य का लोकार्पण
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने चंद्रोदय पब्लिक स्कूल और शांत्रीबाई महाविद्यालय के द्वितीय तल पर निर्मित अतिरिक्त निर्माण का लोकार्पण किया। दोनों द्वितीय तल पर निर्मित कार्यों की लागत 70 लाख रुपये है। इनका निर्माण छत्तीसगढ़ चंद्रनाहू शिक्षण समिति एवं विधायक निधि से किया गया है।

विभूतियों को किया याद

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समाज के पुरखों और विभूतियों ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने शिक्षा, कृषि, सहकारिता के साथ-साथ समाज सुधार जैसे उल्लेखनीय क्षेत्रों में भी अपना बहुमूल्य योगदान दिया है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं में कोई कमी नहीं की जाएगी। उन्होंने राज्य सरकार की सभी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि योजनाओं से किसान, गरीब, मजदूर चिंता मुक्त हुए हैं।

लोगों को मिला आय का स्त्रोत

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गोधन योजना से रोजगार और आय के नए स्रोत निकले हैं। वे लोग जिसके पास कोई रोजगार नहीं होता था, वे भी गोबर बेचकर रोजगार के साथ लाभ कमा रहे हैं। महिला समूह आत्मनिर्भर बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मदूर न्याय योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को सालाना छह हजार रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खाते में आएगी।

पौधारोपण को प्रोत्साहन

छत्तीसगढ़ में पौधारोपण कार्य को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पौधारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत जिन किसानों ने खरीफ वर्ष 2020 में धान की फसल ली है, अगर वो धान की फसल के बदले अपने खेतों में पौधारोपण करते हैं, तो उन्हें आगामी तीन साल तक प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। खरीदे गए गोबर से वर्मी कंपोस्ट बन रहा है। वर्मी कंपोस्ट की बिक्री की जा रही है। छत्तीसगढ़ के हजारों महिला स्वयं सहायता समूह गोठनों में गोबर से वर्मी कंपोस्ट तैयार करने का काम कर रहे हैं। वर्मी कंपोस्ट की विक्रय से उनकी आय में इजाफा हो रहा है।

पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम को राज्यसभा सदस्य छाया वर्मा, संसदीय सचिव एवं विधायक विनोद चंद्राकर और चंद्रनाहूं कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी चंद्राकर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर समाज के द्वारा अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक पंडरिया ममता चंद्राकर सहित निगम मंडल के अध्यक्ष जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।