रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस बीच प्रदेश की राजधानी रायपुर हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। प्रदेश में इस समय कोरोना के 1 हजार 273 एक्टिव केस हैं। उनमें से 301 मरीज अकेले रायपुर में ही हैं। रविवार को ही रायपुर के 90 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, दुर्ग और जांजगीर-चांपा में भी करोना के मामले बढ़ें हैं। छत्तीसगढ़ में कोरोना के मामले बढ़ने से शासन-प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

बता दें कि इस हफ्ते संक्रमित मरीजों की संख्या में 3 अंकों में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। औसतन रोजाना करीब 127 मरीज मिल रहे हैं। पहले रोजाना 30 से 35 मरीज ही मिल रहे थे। इसका भी आंकड़ा तीन दिन में दोगुना हो गया था। इसके बाद संक्रमण दर भी 0.30 से बढ़कर 1.81 प्रतिशत पहुंच गया है।

290 लोग पॉजिटिव

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार रविवार को 15 हजार 978 सैंपलों की जांच हुई है। जिसमें 290 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं बिलासपुर में 52, कोरबा में 40, रायगढ़ में 37 और दुर्ग में 33 एक्टिव केसेस पता चले हैं। अब रायगढ़ में 257, बिलासपुर में 235, दुर्ग में 112, कोरबा में 97 और जांजगीर-चांपा जिले में 69 एक्टिव केस की पुष्टि हो गई है।

ये भी पढ़ें: रायपुर में कोरोना के मामले ने मारी हाफ सेंचुरी, सब लापरवाही का नतीजा

कंटेनमेंट जोन बना आईआईटी भिलाई

जिला प्रशासन ने आईआईटी भिलाई के रायपुर स्थित परिसर को कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिया है। दो दिन पहले यहां 5 छात्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिसके बाद उनके कमरों को सील कर दिया गया था। अब परिसर को कंटेनमेंट जोन बनाकर कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है।

रायपुर के इन इलाकों में मिले हैं पॉजिटिव केस

रविवार को रायपुर में कोरोना के 90 मामले सामने आए हैं। इनमें से 5 बच्चे भी शामिल हैं। ये मरीज शंकर नगर, भाटागांव, सिंगापुर सिटी, वालफोर्ट सिटी, कमल विहार, डीडी नगर, निमोरा, सड्‌डू, श्री नगर, सदानंद नगर, संजय नगर, रायपुरा, मोवा, विधायक कॉलोनी, सुंदर नगर, देवेंद्र नगर, सेजबहार, चंगोराभाटा, कचना, स्वर्णभूमि, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, सिविल लाइंस, वल्लभ नगर, संतोषी नगर, कोटा, पचपेड़ी नाका और सुधर्म जैन विहार में ये केस मिले हैं।