रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण बहुत तेजी से बढ़ रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कोरोना के 108 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। कोरोना की बढ़ती संख्या की वजह से रायपुर और रायगढ़ शहरों में कंटेनमेंट जोन बना दिए गए हैं।

बुधवार को प्रदेश भर में 23 हजार 767 नमूनों की जांच हुई। इनमें 40 मरीज अकेले रायगढ़ में सामने आए। इनमें 7 बच्चे शामिल हैं। बिलासपुर में 17, जांजगीर-चांपा में 13 और रायपुर जिले में 12 नए मरीज सामने आए।

राजनांदगांव में 5, सूरजपुर में 4, दुर्ग और कोरबा में 3-3 मरीज मिले। वहीं कबीरधाम और धमतरी में 2-2 और बालोद, बस्तर, जशपुर और कांकेर में 1 -1 व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

रायपुर में पांच कंटेनमेंट जोन घोषित

रायपुर कलेक्टर ने शहर में पांच कंटेनमेंट जोन घोषित किए हैं। इन क्षेत्रों में दो से अधिक नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। कलेक्टर ने बूढ़ापारा के चंद्रमा मंदिर रोड स्थित पंचवटी गोकुल नगर, दलदल सिवनी के मितान विहार मोवा, दलदल सिवनी के ही ग्रीन आर्किड मोवा, आमा सिवनी के सफायर ग्रीन और चौबे कॉलोनी में महाराष्ट्र मंडल के पास के इलाके को कंटेनमेंट जोन बनाया है और इन जगहों पर आना-जाना प्रतिबंधित है।

मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में तैयारियां तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ओमिक्रॉन और कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिला कलेक्टरों को सभी एहतियाती उपाय अपनाने के निर्देश दिए थे ,सभी जिलों में कोविड टेस्टिंग बढ़ाने और अस्पतालों में किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

बच्चों पर होगा ज़्यादा फोकस

वहीं न्यू ईयर पार्टी, शादी अवसर, बाजारों को लेकर महामारी नियंत्रण के तहत कलेक्टरों को फिर अधिकृत किया जा सकता है। तीसरी लहर की अस्पतालों में तैयारियों की समीक्षा भी होगी। बच्चों में ज्यादा मामले निकल रहे हैं, इसलिए इस पर फोकस रहेगा।