रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटॉरीयम में चार दिवसीय शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल समारोह 2021- शूट फॉर लीगल अवेयरनेस का शुक्रवार को समापन हो गया। इसमें मानव तस्करी, बच्चों के अधिकार, नशा मुक्ति एवं साइबर क्राइम विषय पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया गया था। छत्तीसगढ़ी शॉर्ट फिल्म की श्रेणी में एक्सीजेन्सी को सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी फिल्म का पुरस्कार दिया गया।

उपरोक्त श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये और द्वितीय पुरस्कार के रूप में 51000 रुपये दिया गया। सुपर शॉर्ट फिल्म की श्रेणी में कोटपा को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का और डरो मत को दूसरे श्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा फिल्म थोड़ा सा तीसरे स्थान पर रही। इस फिल्म फेस्टिवल के मूल उद्देश्य को पूरा करने के लिए इन चार दिनो में सभी शॉर्ट और सुपर शॉर्ट फिल्मों का लगातार प्रदर्शन किया गया। जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक कानून की जानकारी पहुंचाई जा सके।

“नालसा” के जरिए कानून की जानकारी

विभिन्न विभागों से उपस्थित अतिथियों द्वारा अलग-अलग विषयों पर जानकारी देकर उन्हें सरकारी योजनाओं से अवगत कराया। जिला न्यायालय रायपुर के न्यायाधीशगण द्वारा “नालसा” की योजनाओं पर प्रस्तुतियां देकर कानून की जानकारी को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाई गई।