संघ और भाजपा ने गुंडे बुलाकर कवर्धा में कराई हिंसा-गृहमंत्री
रायपुर। कवर्धा में फिलहाल शांति है। हालात सामान्य हो रहे हैं। इस बीच, प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने बड़ी बात कही है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में गृहमंत्री साहू ने कवर्धा के बिगड़े हालात पर भाजपा पर जमकर हमला बोला। श्री साहू ने कहा कि कवर्धा शांतिप्रिय इलाका है। भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस ने गुंडे बुलवाकर कवर्धा में हिंसा कराई। उन्होंने कहा कि कवर्धा में ऐसे हालात कभी नहीं रहे।
गृहमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रमन सिंह स्पष्ट करें कि कवर्धा में जिन पर मामला दर्ज हुआ है, वह 18 साल से कम उम्र के बच्चे हैं या अधिक। रमन सिंह ने कवर्धा मामले में 70 बच्चों को गिरफ्तार करने का आरोप लगाया था। गृहमंत्री ने कहा कि एफआईआर में कोई भी कवर्धा का व्यक्ति नहीं है। ये बाहर से आए हुए लोग हैं।
वीडियो फुटेज की हो रही जांच
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कवर्धा के हालात बिगाडऩे वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वीडियो फुटेज के आधार पर छानबीन की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
भूपेश ही रहेंगे सीएम
गृहमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जो एक बार मुख्यमंत्री बन जाता है, वही रहता है। हर राज्य की अलग-अलग परिस्थिति होती है। कभी-कभी परिस्थिति के कारण कोई 15 साल भी मुख्यमंत्री रह जाता है तो कई ढाई महीने भी। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल ही मुख्यमंत्री हैं और वही रहेंगे।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
