रायपुर। रविवार को रायपुर में आयोजित धर्म संसद में महाराष्ट्र से आए संत कालीचरण ने मंच से गांधीजी के बारे में गलत शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि मोहनदास करमचंद गांधी ने देश का सत्यानाश किया। नमस्कार है नाथूराम गोडसे को, जिन्होंने उन्हें मार दिया। इस बयान के सामने आते ही कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक और राज्य गोसेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास ने इसका विरोध करते हुए मंच छोड़ दिया। कालीचरण महराज के इस बयान ने हलचल पैदा कर दी है। वहीं इस बयान के चलते पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने खुद रात में थाने पहुंचकर कालीचरण महराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
शहर के रावणभाठा मैदान में आयोजित दो दीवसीय इस धर्म संसद का रविवार को समापन था। इस दौरान कालीचरण महराज ये भाषण दे रहे थे। इस धर्म संसद में कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे, भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने, बृजमोहन अग्रवाल और नंदकुमार साय भी मौजूद थे। नाथूराम गोडसे को जब दोनों हाथ जोड़कर कालीचरण ने नमस्कार किया तो भीड़ जय श्रीराम के नारे लगाकर तालियां बजाने लगी।
अपने एक वीडियो के चलते चर्चा में आए थे कालीचरण
बता दें कि कालीचरण पिछले साल सोशल मीडिया पर एक वीडियो की वजह से काफी चर्चा में आए थे, जिसमें वह मंदिर के भीतर शिव तांडव स्त्रोत गाते हुए नजर आ रहे थे। अब इस घटना के बाद वे एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।
ये भी पढ़ें: रायपुर में धर्म संसद: आरक्षण और लव जिहाद के खिलाफ संत, लोगों को सनातन संस्कृति से जोड़ना बेहद आवश्यक
कट्टर हिंदूवादी होना चाहिए राजा- कालीचरण
धर्म संसद में कालीचरण ने कहा कि राजा होना चाहिए जो कट्टर हिंदूवादी हो। हमेशा लोग वोट देने नहीं जाते, ऐसा न करने पर देश में इस्लाम हावी होगा। लोगों को अपने घरों से निकलकर ज्यादा से ज्यादा वोट देना चाहिए और ऐसा राजा चुनना चाहिए जो कट्टर हिंदुत्ववादी हो, भले वह किसी भी राजनीतिक दल का हो।
धर्मांतरण पर कालीचरण का हमला
देश समेत प्रदेश में सामने आ रहे धर्मांतरण के मामलों पर कालीचरण ने कहा कि देश की जाति व्यवस्था के कारण ऐसा हो रहा है। समाज के जिन वर्गों को मंदिरों में प्रवेश नहीं मिला, जिन्हें समाज ने प्रेम नहीं दिया, वे दूसरे धर्म को अपना रहे हैं। उनकी देखादेखी दूसरे लोग भी इसका अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जाति व्यवस्था खत्म कर सभी को सम्मान देने से इस समस्या का हल होगा।
महंत रामसुंदर दास ने विरोध में छोड़ा मंच
छत्तीसगढ़ गोसेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास ने कालीचरण के इस बयान का खुले मंच से विरोध किया। उन्होंने कहा कि मैं इस कार्यक्रम से खुद को पृथक करता हूं, अलग करता हूं। हालांकि आयोजकों ने उन्हें मुख्य संरक्षक बनाया था। भड़के हुए लहजे में रामसुंदर दास ने कहा कि मंच से महात्मा गांधी को गाली दी गई है, हम इसका विरोध करते हैं। यह सनातन धर्म नहीं है और ना ही धर्म संसद के मंच पर इस तरह की बात होनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने मंच छोड़ दिया।
कांग्रेस ने दर्ज कराई एफआईआर
कालीचरण के इस बयान के बाद कांग्रेस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। मरकाम ने कहा कि गांधी का अपमान देश का अपमान है। रविवार देर रात सिविल लाइंस थाने पहुंचकर मोहन मरकाम समेत दो दर्जन से ज्यादा कांग्रेसियों ने आवेदन दिया। वहीं नगर निगम सभापति प्रमोद दुबे के आवेदन के आधार पर टिकरापारा थाने में केस दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें: धर्म संसद में बोले संत-सनातन संस्कृति राष्ट्र और समाज के लिए जरूरी
बयान देने के बाद महाराष्ट्र रवाना हुए कालीचरण
कालीचरण को आईपीसी की गैर जमानती धारा 505 (2) सार्वजनिक शांति भंग करने के मकसद से कुछ आपत्तिजनक कहना, अलग-अलग समुदायों के प्रति नफरत पैदा करना और धारा 294 गाली गलौज करना, के तहत आरोपी बनाया गया है। इनके खिलाफ रायपुर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सिविल लाइंस सीएसपी विरेंद्र चर्तुवेदी ने बताया कि इस मामले में नियम के मुताबिक कार्रवाई करेंगे। बता दें कि इस बयान के बाद कालीचरण महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए।
आयोजकों में कई दल के लोग शामिल
धर्म संसद का आयोजन 25 दिसंबर को हुआ था। इसका आयोजन नीलकंठ सेवा संस्थान के संस्थापक पं नीलकंठ त्रिपाठी ने करवाया जो खुद एनसीपी नेता हैं। मुख्य संरक्षकों में महंत रामसुंदर दास, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, विधायक विकास उपाध्याय, निगम सभापति प्रमोद दुबे, विधायक सत्यनारायण शर्मा थे।
पूर्व सीएम भी हुए थे शामिल
संरक्षकों में रिटायर्ड आईएएस और भाजपा नेता गणेश शंकर मिश्रा, पार्षद ज्ञानेश शर्मा थे। धर्म संसद के पहले दिन कार्यक्रम में पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह खुद शामिल हुए, आखिरी दिन सीएम भूपेश बघेल भी आने वाले थे लेकिन उनका आना अचानक रद्द हो गया।
Krishna sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
