मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गृह, राजस्व तथा खाद्य विभाग में भर्ती की तैयारियां शुरु

अवसरों का लाभ उठाने मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया

छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ में कई विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती होने वाली है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गृह (पुलिस), राजस्व तथा खाद्य विभाग के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अनुमति जारी करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। उनके इस निर्देश के बाद कुल 2492 पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। वहीं छत्तीसगढ़ स्टेट पावर वितरण कंपनी में लाइनमैन के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए तय सीट की संख्या दोगुनी कर दी गई है। वहीं पुलिस, खाद्य और राजस्व विभाग में करीब 3 हजार से अधिक पदो पर भर्ती के आदेश जारी किए गए हैं। बघेल ने इन विभागों के अतिरिक्त अन्य सभी विभागों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।

बिजली विभाग में 3 हजार पदों पर भर्ती

पावर कंपनी द्वारा पहले लाइनमैन के 1500 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था, इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अब एक नया नोटिफिकेशन जारी कर पावर कंपनी लाइनमैन के 3000 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पुराने विज्ञापन के नियम व शर्तों के अनुसार ही होगी। सिर्फ रिक्त पदों की संख्या को दोगूना किया गया है। जुलाई महीने में राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पावर कंपनी में 2500 से अधिक पदों पर भर्ती के निर्देश दिए थे।

इन पदों पर होनी है भर्ती

पावर कंपनी में जूनियर इंजीनियर से लेकर मैदानी स्तर पर काम करने वाले लाइन अटेंडेंट के पद हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासियों को नियुक्ति दी जाएगी. छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर वितरण, पारेषण और जनरेशन कंपनी में रिक्त पदों पर भर्ती की जानी है। यह पद उपभोक्ताओं को विद्युत सेवाएं देने की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण हैं। ये पद मैदानी कार्यालयों में भरे जाएंगे। इनमें जूनियर इंजीनियर के 340 पद, डाटा एंट्री आपरेटर के 610 एवं परिचारक लाइन (प्रशिक्षु) के 3000 भरे जाएंगे।

2100 पदों की भर्ती की अनुमति

मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए निर्णय के फलस्वरुप गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत ‘ बस्तर फाइटर्स ‘ बल के गठन की मंजूरी जारी की गयी, जिसमें 2100 पदों के भर्ती की अनुमति दी गयी है। इसी तरह राजस्व विभाग अंतर्गत मैदानी स्तर पर 301 पटवारियों के पदों पर नयी भर्ती की जाने की अनुमति दी गई है । खाद्य विभाग अंतर्गत 84 खाद्य निरीक्षकों के साथ-साथ कुल 91 पदों पर भर्ती की की जाएगी ।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने युवाओं का आह्वान किया है कि वे इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए अच्छी मेहनत और लगन के साथ तैयारियां करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजग़ार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को रिक्त पदों का परीक्षण कर उन पर सीधी भर्ती किए जाने की कार्ययोजना बना कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश हित में निर्णय

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि कोविड संक्रमण के कारण उत्पन्न विषम आर्थिक संकट के बावजूद राज्य सरकार लगातार युवाओं सहित सभी वर्ग के प्रदेशवासियों के हित में निर्णय ले रही है। बस्तर फाइटर्स दल के गठन से जहां बस्तर के स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं स्थानीय युवाओं के अनुभवों का लाभ पुलिस बल को भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि पटवारियों की भर्ती होने से किसानों एवं नागरिकों की राजस्व प्रशासन से संबंधित समस्याओं एवं मांगों का त्वरित निराकरण स्थानीय स्तर पर हो सकेगा। खाद्य निरीक्षकों की भर्ती होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली का सुदृढ़ीकरण होगा।