रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूल अब पूरी तरह अनलॉक होंगे। कोरोना संक्रमण की समीक्षा के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी स्टूडेंट्स को एक साथ स्कूल बुलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसे सरकार को भेजा जा चुका है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में 22 नवंबर को प्रस्तावित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में इस पर निर्णय लिया जाएगा।

बता दें कि इस साल 2 अगस्त से प्रदेश के सभी स्कूल खोल दिए गए थे। इनमें प्राइमरी कक्षाओं के अलावा 8वीं, 10वीं और 12वीं की कक्षाएं ही संचालित हुईं।

संकट अभी टला नहीं

स्कूलों में कोरोना का संकट अब भी बना हुआ है। बुधवार को ही बिरगांव के एक निजी स्कूल की छात्रा कोरोना संक्रमित पाई गई है। इसका पता चलते ही प्रबंधन ने स्कूल बंद कर दिया है। साथ ही छात्रा के संपर्क में आए परिजनों, स्कूल स्टाफ और सहपाठियों के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। इससे पहले भी महासमुंद और बलौदाबाजार के स्कूलों में कई बच्चे संक्रमित पाए जा चुके हैं।