राजीव मितान क्लब सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने किया युवाओं का सम्मान
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजीव मितान क्लब सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, छत्तीसगढ़ को पहचान राज्य के युवा ही दे रहे हैं। बस्तर से निकलकर युवा छत्तीसगढ़ को अंतराष्ट्रीय ख्याति दिला रहे हैं। उन्होंनेे कहा कि राज्य के युवा हर क्षेत्र में नाम रोशन कर रहे हैं. राज्य के युवा ही नवा छत्तीसगढ़ को गढऩे का काम कर रहे हैं। युवा सम्मेलन का कार्यक्रम राजीव के नाम पर आयोजित है। राजीव गांधी युवा भारत के अग्रणी नेता रहे हैं। वे भारत के लाखों युवाओं को प्रेरित करते रहे हैं।

रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राजीव युवा मितान क्लब द्वारा आयोजित युवा सम्मेलन में शामिल हुए। सीएम ने कहा कि राजनीति में युवाओं की भागीदारी राजीव गांधी के बदौलत ही संभव हो पाया है। सूचना क्रांति के जनक राजीव गांधी रहे। 5 साल का उनका कार्यकाल रहा, लेकिन मील का पत्थर साबित हुआ. राजीव गांधी के नाम पर किसान न्याय योजना शुरू किया गया है। योजना का लाभ राज्य के 22 लाख किसानों को मिल रहा है। विधायक देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तारीफ की। देवेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल युवाओं को आगे बढ़ाने का काम किया. साथ ही प्रसिद्ध कॉमेडियन श्याम रंगीला ने भी मितान क्लब योजना की तारीफ की. इसके अलावा पैरा ओलम्पिक में सिल्वर मेडल जीतने वाले योगेश ने भी सरकार की जमकर तारीफ की। कार्यक्रम में प्रसिध्द कॉमेडियन श्याम रंगीला और कलाकार काजल श्रीवास भी शामिल हुये । इस अवसर पर सांसद दीपक बैज, विधायक देवेन्द्र यादव, महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, युवा आयोग के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार और बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों से आए युवा उपस्थित थे।

गांव-गांव के हुनर को लाएंगे आगे

श्री बघेल ने कहा कि राजीव मितान क्लब के जरिए हम गांव-गांव के हुनर को आगे लाने का काम करेंगे। हर क्षेत्र के प्रतिनिधित्व करने वाले युवाओं को जोडऩे का काम किया जाएगा। 13 हजार से अधिक क्लब गांव में बनाए जा रहे हैं। क्लब को 1 लाख रुपये हर साल दिया जाएगा। राज्य में सुराजी योजना, गोधन न्याय योजना से राज्य का विकास हो रहा है. गांव का विकास हो रहा है ।

छत्तीसगढ़ अभी युवा अवस्था में है -बैज

इस दौरान बस्तर सांसद दीपक बैज ने कहा, छत्तीसगढ़ राज्य अपनी युवा अवस्था में है. राज्य में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सोच में भी युवा हैं। 15 साल की रमन सरकार बनाम भूपेश सरकार के 3 साल के काम को देखिए फर्क समझ आएगा। 15 साल की सरकार से कहीं ज्यादा अच्छी सरकार 3 साल में देखने को मिला. कोरोना के संक्रमण के बाद भी छत्तीसगढ़ की आर्थिक स्थिति कमजोर नहीं हुई। राजीव युवा मितान क्लब के लिए मैं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बधाई देता हूं।

ये हुए सम्मानित

इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के युवा कलाकार, खिलाड़ी और गायकों का सम्मान किया।उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में राज्य के सफल प्रतिभागी आकाश श्रीश्रीमाल और आकाश शुक्ला और राज्य सिविल सेवा परीक्षा की प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले नीरनिधि नन्देहा सहित 10 विद्यार्थियों, पैराओलम्पिक में सिल्वर पदक विजेता योगेश कथुरिया, पर्वतारोही नैना सिंह धाकड़, पर्वतारोही चित्रसेन साहू, गायक सहदेव दिरदो, छत्तीसगढ़ी फिल्म कलाकार प्रकाश अवस्थी, छत्तीसगढ़ी गायक ऋषिराज पाण्डेय, छत्तीसगढ़ी गायिका आरु साहू को सम्मानित किया।