रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार शाम अपने निवास कार्यालय में 12 से 14 जनवरी तक राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के सफल आयोजन के संबंध में उच्च स्तरीय विभागीय अधिकारीयों की बैठक ली। महोत्सव का आयोजन खेल और युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ के तत्वाधान में होगा। महोत्सव में 15 से 40 वर्ष आयु वर्ग तथा 40 वर्ष से ऊपर के प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक प्रतियोगिताएं होगी।


मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की परंपरा को साकार करने के लिए 12 जनवरी से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में 39 विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं, खेल विधाओं, लोक कलाओं और लोक साहित्य संगोष्ठी आदि को शामिल किया गया है। इससे राज्य में युवा प्रतिभाओं को निखारने और उनके प्रोत्साहन के लिए महत्वपूर्ण तथा भरपूर अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री बघेल ने युवा महोत्सव के सफल आयोजन के लिए हर आवश्यक व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
39 विभिन्न सांस्कृतिक तथा खेल विधाओं और लोक कलाओं का समावेश
राज्य स्तरीय युवा महोत्सव वर्ष 2021-22 में शामिल विधाओं में बस्तरिहा लोक नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, पंथी नृत्य, करमा नाच, सरहुल नृत्य, डंडा नाच, पारंपरिक वेशभूषा, गेड़ी दौड़, भौंरा, फुगड़ी, लोक कला (प्रदर्शनी), लोक साहित्य (संगोष्ठी), कबड्डी, खो-खो, लोकनृत्य, लोकगीत, एकांकी नाटक, फूड फेस्टिवल, वाद-विवाद, क्विज, चित्रकला, निबंध, तात्कालिक भाषण, हारमोनियम वादन, मृदंगम वादन, बांसुरी वादन, वीणा वादन, सितार वादन, गिटार वादन, तबला वादन, कर्नाटक संगीत, हिन्दुस्तानी शास्त्री संगीत, रॉकबैड, मणिपुरी नृत्य, भरतनाट्यम नृत्य, कुचीपुडी नृत्य, कत्थक नृत्य और ओडिसी नृत्य शामिल हैं। युवा महोत्सव में कार्यक्रम का आयोजन राजधानी रायपुर स्थित खेल संचालनालय परिसर, खेल संचालनालय स्थित हॉल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम, शासकीय नागार्जुन विज्ञान महाविद्यालय ऑडिटोरियम, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय प्रेक्षागृह तथा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय खेल परिसर में होगा।


संभाग स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन 20 से 25 दिसम्बर तक
युवा महोत्सव के तहत राज्य के सभी जिलों में विकासखंड स्तरीय आयोजन 5 दिसम्बर तक सम्पन्न किए जा चुके हैं। इसी तरह सभी जिलों में जिला स्तरीय आयोजन 15 दिसम्बर तक सम्पन्न करा लिए जाएंगे। संभाग स्तरीय युवा महोत्सव संभाग मुख्यालयों में 20 से 25 दिसम्बर तक आयोजित होंगे। इसके अलावा लोक कला प्रदर्शनी का आयोजन ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से तथा लोक साहित्य संगोष्ठी का आयोजन संस्कृति विभाग के माध्यम से किया जाएगा।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
