विनेश फोगाट को WFI का नोटिस, 14 दिनों में मांगा जवाब; वापसी से पहले बढ़ीं मुश्किलें
भारतीय महिला पहलवान Vinesh Phogat की वापसी से पहले उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। Wrestling Federation of India यानी भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 14 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा है। महासंघ ने विनेश पर अनुशासनहीनता और डोपिंग विरोधी नियमों के उल्लंघन जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
WFI की ओर से जारी 15 पन्नों के नोटिस में कहा गया है कि विनेश के व्यवहार से भारतीय कुश्ती की छवि को नुकसान पहुंचा है। महासंघ का आरोप है कि उन्होंने डब्ल्यूएफआई संविधान, यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के अंतरराष्ट्रीय नियमों और एंटी-डोपिंग प्रावधानों का उल्लंघन किया है।
वापसी से पहले छह महीने की निगरानी जरूरी
यूडब्ल्यूडब्ल्यू के नियमों के अनुसार, कोई भी खिलाड़ी यदि लंबे समय तक डोप टेस्टिंग सिस्टम से बाहर रहता है और फिर वापसी करना चाहता है, तो उसे कम से कम छह महीने पहले इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (ITA) या संबंधित फेडरेशन को सूचना देनी होती है। इसके साथ ही खिलाड़ी को इस दौरान एंटी-डोपिंग टेस्टिंग के लिए उपलब्ध रहना अनिवार्य होता है।
वाडा के नियम 5.6.1 के मुताबिक, टेस्टिंग पूल से बाहर रहने वाला खिलाड़ी सीधे प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकता। नियमों का पालन नहीं करने पर उसके परिणाम अमान्य घोषित किए जा सकते हैं। यही वजह है कि विनेश को जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए अयोग्य माना गया है।
इन मुद्दों पर मांगा गया स्पष्टीकरण
महासंघ ने विनेश फोगाट से चार अलग-अलग मामलों पर जवाब मांगा है। इनमें 2024 Summer Olympics में तय वजन सीमा पूरी नहीं कर पाने के कारण अयोग्यता, डोपिंग नियमों के तहत लोकेशन संबंधी जानकारी उपलब्ध नहीं कराना और मार्च 2024 में चयन ट्रायल के दौरान दो अलग-अलग भार वर्गों में हिस्सा लेना शामिल है।
WFI ने यह भी साफ किया है कि विनेश 10 से 12 मई तक गोंडा में होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग नहीं ले पाएंगी। इस प्रतियोगिता को उनकी संभावित वापसी माना जा रहा था, लेकिन नोटिस के बाद अब उनकी वापसी की राह मुश्किल होती दिख रही है।
महासंघ ने नोटिस में कहा है कि खिलाड़ी के खिलाफ किसी भी डोपिंग विरोधी नियम उल्लंघन की पुष्टि होने पर वह भविष्य में महासंघ का प्रतिनिधित्व करने के लिए अयोग्य हो सकती हैं। अब सभी की नजर विनेश फोगाट के जवाब और WFI की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
