कैंसर के ऐसे मामले जिनका इलाज मुश्किल माना जाता है, उनके लिए मिनीबीम रेडियोथेरेपी एक नई उम्मीद बनकर सामने आई है. मेयो क्लिनिक के शोधकर्ताओं ने स्किन या स्किन के पास मौजूद ट्रीटमेंट-रेजिस्टेंट यानी इलाज को जवाब न देने वाले ट्यूमर पर इस तकनीक का इस्तेमाल किया और नतीजे उत्साहजनक रहे. यह स्टडी प्रतिष्ठित मेडिकल जर्नल इंटरनेशनल जर्नल ऑफ रेडिएशन ऑन्कोलॉजी में प्रकाशित हुई है.
मिनीबीम रेडियोथेरेपी काम कैसे करती है
आम रेडिएशन थेरेपी में एक चौड़ी बीम पूरे प्रभावित हिस्से पर एक समान रूप से पड़ती है. इसके उलट, मिनीबीम रेडियोथेरेपी में मेयो क्लिनिक द्वारा विकसित एक खास टंगस्टन कोलिमेटर डिवाइस रेडिएशन बीम को बेहद पतली-पतली किरणों में बांट देता है. हर किरण सिर्फ 0.5 मिलीमीटर चौड़ी होती है और इनके बीच 1 मिलीमीटर की दूरी रखी जाती है. इससे कुछ हिस्सों में तेज रेडिएशन और कुछ हिस्सों में बेहद कम रेडिएशन का पैटर्न बनता है, जिससे स्वस्थ टिशू को रिकवर होने का मौका मिलता है.
स्टडी के नतीजे क्या कहते हैं
- स्टडी में शामिल 86% मरीजों में लक्षणों में सुधार देखा गया
- कुल 40 ट्यूमर में से 22.5% पूरी तरह गायब हो गए
- 25% ट्यूमर का आकार छोटा हुआ और 45% स्थिर बने रहे
- 12 महीने बाद कैंसर के दोबारा न बढ़ने की दर करीब 89% रही, और सिर्फ मिनीबीम से इलाज किए गए ट्यूमर में यह दर 92% तक पहुंची
इलाज में लगने वाला समय भी हुआ कम
आम रेडिएशन थेरेपी में आमतौर पर 10 से 30 सेशन लगते हैं, जबकि मिनीबीम रेडियोथेरेपी सिर्फ दो से तीन सेशन में पूरी की जा सकती है. इससे मरीजों का समय और अस्पताल के चक्कर दोनों कम हो जाते हैं. सबसे खास बात यह है कि ज्यादा डोज़ मिलने के बावजूद मरीजों में सामान्य रेडिएशन थेरेपी के मुकाबले साइड इफेक्ट्स कम देखे गए.
आगे इस तकनीक का क्या भविष्य है
फिलहाल यह तकनीक मुख्य रूप से स्किन या स्किन के पास मौजूद कठिन ट्यूमर पर आजमाई जा रही है. शोधकर्ता अब इसे और बड़े स्तर पर तथा अलग-अलग तरह के कैंसर पर टेस्ट करने की योजना बना रहे हैं. अगर आगे की स्टडीज़ में भी नतीजे इसी तरह सकारात्मक रहते हैं, तो यह तकनीक उन मरीजों के लिए बड़ी राहत बन सकती है जिनके लिए पारंपरिक इलाज कारगर नहीं रहा.
अस्वीकरण: यह जानकारी सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता के लिए है, यह मेडिकल सलाह नहीं है. कैंसर के इलाज से जुड़े किसी भी फैसले के लिए हमेशा अपने डॉक्टर या ऑन्कोलॉजिस्ट से सलाह लें.
यह भी पढ़े
गर्भ में बच्चे का दिमाग कैसे बनता है, UCLA की नई रिसर्च में खुलासा